धमतरी, 19 अगस्त 2025
अमृत टुडे। किसानों को पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में धमतरी जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे की शुरुआत की गई है। यह सर्वे 15 अगस्त से प्रारंभ होकर आगामी 30 सितम्बर तक संचालित होगा।
डिजिटल क्रॉप सर्वे का मुख्य उद्देश्य किसानों की वास्तविक फसल स्थिति का आंकलन कर उन्हें राज्य एवं केंद्र शासन की योजनाओं से अधिकतम लाभ दिलाना है। इस पहल से खेती को नई तकनीक से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

फील्ड स्तर पर सर्वेयर किसानों के खेत में जाकर फसल की स्थिति का विवरण एग्रीटेक ऐप में दर्ज करेंगे और साथ ही फोटो अपलोड करेंगे। इन आंकड़ों का सत्यापन बाद में पटवारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जाएगा, जिससे फसलों का वास्तविक मूल्यांकन और भूमि से संबंधित सटीक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

डिजिटल क्रॉप सर्वे से किसानों को फसल बीमा योजना, क्षति आकलन एवं अन्य कृषि योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलेगा। इसके साथ ही भविष्य में धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा कृषि नीति को और अधिक प्रभावी बनाने में यह सर्वे अहम भूमिका निभाएगा। इस पहल से किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग भी सुनिश्चित होगा। डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उल्लेखनीय है कि
जिले 441 ग्रामों के कुल 3 लाख 80 हजार 360 खसरो को सत्यापन किया जाना है, जिसमें से आज की स्थिति में 7 हजार 35 खसरों का सत्यापन किया जा चुका है। इस कार्य में 65 निजी सर्वेयर नियुक्त किये गये है, जो मौके पर जाकर सत्यापन का कार्य करेंगें। सर्वे उपरांत संबंधित क्षेत्र के पटवारी द्वारा वेरीफिकेशन किया जायेगा। साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सर्वे कार्य का समय समय पर निरीक्षण किया जायेगा।



