अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
25 मई 2026 । “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश के साथ सतनाम सद्भाव पदयात्रा के सहभागी एवं सहयोगियों का रायपुर में सम्मान।
विवरण:: परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के संदेश “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” को व्यापक स्तर पर फैलाने के उद्देश्य से आयोजित सतनाम सद्भाव पदयात्रा, सामाजिक समरसता अभियान और सम्मान समारोह मेकाहारा मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम, रायपुर में संपन्न हुआ। आयोजन राजागुरु, धर्मगुरु गुरु बालदास के सानिध्य में गरिमामय वातावरण में हुआ। समारोह में 18 फरवरी से 22 फरवरी तक रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक चली विशाल पदयात्रा में शामिल पदयात्रियों, कार्यक्रम सफल बनाने वाले सेवाभावी स्टाफ, सहयोगी साथियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक फैलाने में योगदान करने वाले पत्रकारों का सम्मान किया गया।

उद्बोधन में राजागुरु, धर्मगुरु गुरु बालदास ने समाज को संगठित कर एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास का संदेश मानवता, समानता और सत्य का संदेश है, जिसे जीवन में आत्मसात करना चाहिए। सतधारी गुरु सोमेश बाबा ने पदयात्रा को सामाजिक चेतना और मानवता का महाअभियान करार दिया तथा युवाओं से समाज सेवा और सामाजिक जागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण की योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और गुरु घासीदास का संदेश समाज को एकता तथा समानता की भावना से जोड़ता है।
सम्मान के अवसर पर आयोजकों ने समस्त स्टाफ, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं की सुबह-रात चलने वाली समर्पित सेवाभावना, अनुशासन और परिश्रम की सराहना की। वक्ताओं ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताया और समाज में सकारात्मक विचार, जागरूकता एवं एकता का संदेश फैलाने में पत्रकारों की भूमिका की प्रशंसा की।

समारोह में राजागुरु, धर्मगुरु गुरु बालदास, गुरु सोमेश बाबा, गुरु परिवार के सदस्य, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत, राजिम विधायक रोहित साहू, आयोग अध्यक्ष अंजय शुक्ला, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जांजगीर जिला पंचायत अध्यक्ष पति इंजी. आनंद मीरी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि, अखिल भारतीय सतनाम सेना के पदाधिकारी व सदस्य, पत्रकार और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आयोजन में अखिल भारतीय सतनाम सेना एवं समस्त सतनामी समाज की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।





