अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
29 मई 2026 । आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु धमतरी पुलिस ने पूरे जिले में सुरक्षा, सतर्क निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों का अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी, सूरज सिंह परिहार ने पुलिस लाईन रूद्री में समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को विशेष ब्रीफिंग देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

जिले में 1 जून 2026 को मतदान और 4 जून 2026 को मतगणना आयोजित की जाएगी। थाना अर्जुनी, थाना कुरूद, थाना भखारा और चौकी करेली क्षेत्रों के तहत ग्राम बिरेतरा, लीलर, बागोडर, कुहकुहा, गोबरा, सिवनीकला, सेमरा बी, चर्रा और मोतिमपुर सहित कुल 10 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित रखने, लगातार पेट्रोलिंग करने, प्रभावी निगरानी रखने और सूचनाओं का त्वरित संकलन करने के आदेश दिए गए हैं।
मुख्य निर्देश और कार्रवाइयां:
लंबित वारंटों की त्वरित तामिली: अदालतों में लंबित स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की समीक्षा कर प्राथमिकता से तामिली।
जमानत/मुचलके पर रिहा अपराधियों की सतत निगरानी: संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई।

अवैध शराब, जुआ-सट्टा और ऑनलाइन सट्टा पर कड़ा अभियान: रेकी, दबिश और निगरानी जारी।
अवैध हथियारों पर सख्त कार्रवाई: पहचान कर कानूनी प्रकरण बनाना तथा निगरानी बढ़ाना।
असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: बाउंड ओवर समेत आवश्यक कदम।
सीमा क्षेत्रों में सघन चौकसी एवं चेकिंग: अंतरराज्यीय/अंतरजिला सीमाओं पर चेकपोस्ट सक्रिय।
संदिग्ध वाहनों की सतत जांच: बिना दस्तावेज या अवैध सामग्री पर कानूनी कार्रवाई।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ी पेट्रोलिंग: प्रभावी सूचना तंत्र के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण अनुशासन, सतर्कता व समन्वय के साथ ड्यूटी निर्वाह करने और किसी भी सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए। धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार, शराब, जुआ-सट्टा या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना की तत्काल पुलिस को सूचित करें।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी: नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, उप पुलिस अधीक्षक भानूप्रताप चंद्राकर, SDOP नगरी विपिन रंगारी, DSP SJPYU यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा तथा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी।




