अमृत टुडे, बिलासपुर छत्तीसगढ़
14 जुलाई 2026 । बिलासपुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से चार विधि-विरुद्ध बालकों के फरार होने और सुरक्षा कर्मी की हत्या की घटना पर राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने तत्काल संज्ञान लिया। आयोग की अध्यक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था की पुनर्समीक्षा, फरार बालकों की शीघ्र तलाश और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा के आदेश दिए।
विवरण: छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बिलासपुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी/विशेष गृह (बालक) का पूर्व में औचक निरीक्षण कर वहां की पेयजल, भोजन, स्टाफ, सुरक्षा और संस्थागत प्रबंधन व्यवस्था में कमियां चिन्हित की थीं। इसके बाद 13 जुलाई 2026 को संस्था से चार विधि-विरुद्ध बालकों के सुरक्षा कर्मी की हत्या कर फरार होने की गंभीर घटना सामने आने पर आयोग ने तत्काल समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, विशेष किशोर पुलिस इकाई के अधिकारी और संस्था के अधीक्षक शामिल हुए।
डॉ. शर्मा ने फरार बालकों की जानकारी जुटाकर विशेष टीम के माध्यम से त्वरित खोज अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, मानव संसाधन, काउंसलिंग और संस्थागत निगरानी को और मजबूत किया जाए। साथ ही सभी कार्रवाई की लिखित जानकारी नियमित रूप से आयोग को भेजने को कहा गया। आयोग ने बच्चों की सुरक्षा, मनोसामाजिक आवश्यकताओं और पुनर्वास सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई ।




