• Tue. Jul 21st, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

20 जुलाई 2026 । बैंक ऑफ़ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय धमतरी द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित कर यह दिन उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं के प्रति जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय प्रमुख बानाम्बर बेहेरा के नेतृत्व में आयोजित बाइक रैली से हुई। रैली क्षेत्रीय कार्यालय धमतरी (सोनकर प्लाज़ा, रुद्री रोड) से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़ौदा आरसेटी परिसर (कलेक्टर कार्यालय के समीप) तक गयी। रैली के माध्यम से नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय जागरूकता का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत बड़ौदा आरसेटी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय कार्यालय धमतरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय में केक काटकर 119 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रमुख बानाम्बर बेहेरा, उप-क्षेत्रीय प्रमुख अमित सिंह पटेल सहित बैंक के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में क्षेत्रीय प्रमुख बानाम्बर बेहेरा ने बैंक की 119 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राहकों का अटूट विश्वास, कर्मचारियों का समर्पण और उत्कृष्ट सेवा भावना ही बैंक ऑफ़ बड़ौदा की सफलता का आधार हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं और भविष्य में भी उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने का आह्वान किया।

Leave a Reply