अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
02 सितम्बर 2026। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में आना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में चार रेड जोन ब्लॉकों में किए गए काम और इरीगेशन पर बढ़े खर्च का भी जिक्र किया।
विवरण : मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के चार ब्लॉक, जिनमें कवर्धा का एक ब्लॉक भी शामिल है, भूजल के रेड जोन में थे। जल संरक्षण और रिचार्ज कार्यों के बाद इन क्षेत्रों में भूमिगत जल स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इरीगेशन और जल संरक्षण की दिशा में वर्तमान सरकार ने ढाई साल में जितना खर्च किया है, वह कांग्रेस की पांच साल की सरकार के खर्च से लगभग दोगुना है। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर मंत्री ने कहा कि यह एम्स और समग्र चिकित्सा क्षेत्र के लिए उत्साहवर्धक दिन है। उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे और 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचकर 11 बजे शुरू होने वाले तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। समारोह के बाद वे दोपहर 12:30 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जल संरक्षण विषय पर शिखर सम्मेलन में प्रेजेंटेशन देंगे, जो राज्य की इस दिशा में की गई पहल को उजागर करेगा।




