अमृत टुडे, कबीरधाम, छत्तीसगढ़
कबीरधाम जिले के ढोंघा और कोडार गांवों में देर रात आयोजित मां दुर्गा पूजन एवं ज्योति कलश पूजन में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। माता के भजनों और पारंपरिक जसगीतों के बीच उन्होंने हाथों में मंजीरा थामा और ग्रामीणों के साथ भक्ति रस में डूब गए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
विवरण: कबीरधाम जिले के ग्राम ढोंघा और कोडार में देर रात आयोजित मां दुर्गा पूजन एवं ज्योति कलश पूजन कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सहभागिता की। माता के जयकारों, भजनों और जसगीतों से गूंजते वातावरण में उन्होंने स्वयं हाथों में मंजीरा लिया और ग्रामीणों के साथ भक्ति में रम गए।

ढोलक, झांझ और मंजीरे की मधुर थाप पर उप मुख्यमंत्री भी ग्रामीणों के साथ झूमे। उन्होंने दोनों गांवों में माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। देर रात तक ग्रामीणों के बीच रहे उप मुख्यमंत्री का यह भक्तिमय अंदाज आस्था, लोक संस्कृति और आत्मीयता का अनूठा संगम बना।



