अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलवाद के खिलाफ बलिदान देने वाले अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने शहीदों के शोक संतप्त परिजनों से भी मुलाकात की।

विवरण : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के प्रांगण में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलवाद के खिलाफ कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों का बलिदान अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि इन जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और वीरता से ही छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है तथा सरकार उनके साथ सदैव खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने पुलिस बल से जनता की सेवा और सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।



