अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में सिंधी विभूति माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपस्थित रहे।
विवरण : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में सिंधी विभूति एवं शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। यह सिक्का उनकी 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपस्थित रहे। सिंधी विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होने को समाज के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया गया। देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी लोगों के लिए यह गर्व का विषय है।
विशेष सिक्के पर माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष तथा 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉक्टर युधिष्ठिर लाल ने दिया।
कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉक्टर सी आर प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य, देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



