अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू सेवन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोटपा एक्ट के उल्लंघन में 67 प्रकरण दर्ज कर 13,400 रुपये जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने नागरिकों और दुकानदारों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

विवरण : धमतरी जिले में नशामुक्त और स्वस्थ समाज बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान तथा तंबाकू उत्पादों के नियम विरुद्ध उपयोग के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 18 नवंबर को जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बाजार, चौक, बस स्टैंड तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच की।
अभियान के दौरान कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित कर चालानी कार्यवाही की गई। जिले भर में कुल 67 प्रकरण दर्ज किए गए और 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। थाना कोतवाली और नगरी में 10-10 प्रकरण दर्ज हुए, जबकि भखारा, अर्जुनी, मगरलोड और चौकी बिरेझर में 7-7 प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं है, बल्कि वहां मौजूद महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करने और नाबालिगों को तंबाकू न बेचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि स्वच्छ, अनुशासित और नशामुक्त समाज बनाने में जनता का सहयोग आवश्यक है।



