• Sat. Nov 21st, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों की तैयार धान की फसल बर्बाद होने की आशंका बढ़ी है। खरीदी केंद्रों पर पहुंचा धान भीगने और खेतों में कटी फसल खराब होने से किसान परेशान हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तत्काल नुकसान का आंकलन, बीमा दावों की निगरानी और क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।

विवरण : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 दिनों में आए अर्नव, मुरासु और अकवान तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों की फसल पर गंभीर संकट गहरा गया है। तूफानों का असर उस समय पड़ा, जब धान की कटाई, मिसाई और खरीदी का दौर चल रहा था। खरीदी केंद्रों पर पहुंचा धान बेमौसम बारिश से भीग गया, जबकि खेतों में कटकर पड़ी फसल भी खराब होने की आशंका से घिर गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता कर कहा कि अर्नव और मुरासु तूफानों से हुए नुकसान का सरकारी सर्वे अभी तक नहीं हुआ है। अकवान का असर जारी होने के बावजूद किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर में 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से अधिक फसल प्रभावित हो चुकी है।

कांग्रेस ने तीनों तूफानों से हुए नुकसान का तत्काल आंकलन कर किसानों को क्षतिपूर्ति देने, बीमा कंपनियों से दावा निपटान कराने और राजस्व पुस्तिका 6/4 के तहत राहत दिलाने की मांग की है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 65100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग भी उठाई गई है।
दीपक बैज ने कहा कि पटवारी हड़ताल से फसल नुकसान का आंकलन रुक गया है। उन्होंने सरकार से पटवारी हड़ताल समाप्त कराने, लेप्स हुए धान खरीदी टोकन दोबारा जारी करने और मौसम को देखते हुए खरीदी अवधि 15 दिन बढ़ाने की मांग की है। मौसम विभाग ने भी अकवान के चलते भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की मेहनत बर्बाद होने से पहले सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। फसल बीमा के दावों की निगरानी के लिए सभी ब्लाकों में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाने की मांग भी की गई है।

Leave a Reply