• Thu. Nov 26th, 2026

कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर धमतरी प्रशासन की कार्रवाई, कुरूद की राइस मिल से 550 क्विंटल धान जब्त…..

Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी जिला प्रशासन ने कस्टम मिलिंग में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स पर सख्त कार्रवाई की है। कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज से खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने 550 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।

विवरण: समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स के विरुद्ध धमतरी जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने कुरूद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज का निरीक्षण कर 550 क्विंटल धान जब्त किया। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में पाया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के तहत तैयार चावल निर्धारित मात्रा में जमा नहीं कराया गया था। कस्टम मिलिंग कार्य में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया।

खाद्य विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत की गई है। जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले 17 राइस मिलर्स को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 1,29,593 किसानों ने धान उपार्जन हेतु पंजीयन कराया था। इनमें 73,987 सीमांत, 53,154 लघु और 2,452 दीर्घ कृषक शामिल हैं। कुल 1,24,465 किसानों से 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जिसकी कुल राशि 1,41,432.62 लाख रुपये रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टम मिलिंग में चावल जमा नहीं करने और निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी जारी है।

Leave a Reply