• Thu. Jun 25th, 2026

कलेक्टर ने सोरम में लेमन ग्रास की खेती कर रही महिला समूह से की बातचीत…..

Spread the love

धमतरी, अमृत टुडे।  कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज शहर से सटे ग्राम सोरम का भ्रमण कर वहां लेमन ग्रास की खेती कर रही महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से खेती से जुड़ी जानकारी ली, उनकी समस्याएं सुनी और उन्हें आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

कलेक्टर  मिश्रा ने समूह की महिलाओं से लेमन ग्रास की खेती से होने वाली आय, खेती का कुल रकबा, देखरेख की प्रक्रिया तथा विपणन की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वर्तमान में वे दो एकड़ क्षेत्र में लेमन ग्रास की खेती कर रही हैं और स्वयं नर्सरी भी तैयार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक दिनों में पौधों की थोड़ी देखरेख की आवश्यकता होती है, लेकिन बाद में यह काफी सुलभ रूप से बढ़ते है।

महिलाओं ने यह भी बताया कि पूर्व में उन्होंने लेमन ग्रास का तेल तैयार कर बाजार में बेचा था, किन्तु अब तक उस तेल की राशि प्राप्त नहीं हुई है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को इस विषय में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि महिला समूह को उनका उचित भुगतान शीघ्र प्राप्त हो सके।

इसके अतिरिक्त महिलाओं ने बताया कि वे सब्जी एवं फूलों की भी खेती करती हैं, जिससे उन्हें नियमित आय हो रही है। कलेक्टर ने समूह की सराहना करते हुए कहा कि महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रही है। उन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, प्रशिक्षण एवं विपणन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

Leave a Reply

You Missed