गरीब परिवारों की महिलाओं को मिलेगा स्वच्छ और सुरक्षित रसोई ईंधन
रायपुर 13 दिसम्बर 2025
अमृत टुडे। भारत सरकार ने प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत 25 लाख अतिरिक्त निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन स्वीकृत किए हैं। इस फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती रसोई ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है।
योजना के तहत उन गरीब परिवारों की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं, जिनके घर में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं है। आवेदक की पात्रता वंचना घोषणा पत्र के आधार पर तय की जाएगी, जिसका सत्यापन जिला उज्ज्वला समिति द्वारा किया जाएगा।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज:
केवाईसी फॉर्म (फोटो सहित), निवास प्रमाण पत्र, परिवार संरचना से संबंधित दस्तावेज (जैसे राशन कार्ड या राज्य शासन द्वारा जारी प्रमाण पत्र), आवेदक एवं परिवार के सभी वयस्क सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण और वंचना घोषणा पत्र। प्रवासी परिवारों के लिए कुछ दस्तावेज स्व-घोषणा पत्र के आधार पर भी स्वीकार किए जाएंगे।

आवेदन की प्रक्रिया:
लाभार्थी नजदीकी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप, ऑनलाइन वेबसाइट pmuy.go.in या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
लाभ:
नए पीएमयूवाई कनेक्शन के साथ लाभार्थियों को निःशुल्क पैक दिया जाएगा, जिसमें सुरक्षा जमा रहित सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा होज़, घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड (DGCC) और प्रशासनिक शुल्क की माफी शामिल है। इसके साथ ही निःशुल्क गैस चूल्हा और पहली रिफिल भी उपलब्ध कराई जाएगी।

पृष्ठभूमि: प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में की गई थी। अब तक देशभर में 10.33 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। योजना के चलते एलपीजी उपयोग में भी बढ़ोतरी हुई है, जो वित्त वर्ष 2019-20 में 3.01 रिफिल प्रति वर्ष से बढ़कर 2024-25 में 4.47 रिफिल प्रति वर्ष हो गई है। यह योजना महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार, घरेलू प्रदूषण में कमी और श्रम भार घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।





