• Thu. May 28th, 2026

टीम प्रहरी अभियान में पचपेडी नाका स्थित केएफसी सील; अव्यवस्थाओं पर 50,000 रुपये ई-चालान और सफाई अनिवार्य…..

Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

28 मई 2026 । टीम प्रहरी अभियान के तहत जोन 10 में पचपेडी नाका स्थित केएफसी का औचक निरीक्षण किया गया। सार्वजनिक नाली में किचन पाइप जुड़ा पाया गया तथा कचरा-प्लास्टिक नाली में फेंका गया। नगर निगम ने सील कर 50,000 रुपये का ई-चालान जारी कर सफाई करवा कर सील खोल दी; दोबारा उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही होगी।

विवरण:: टीम प्रहरी अभियान के आदेशानुसार और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 10 क्षेत्र, पचपेडी नाका में स्थित केएफसी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में रेस्टोरेंट के किचन का पाइप सार्वजनिक नाली से सीधे जुड़ा हुआ पाया गया तथा ठोस कचरा व प्लास्टिक खुले तौर पर नाली में फेंके जाने की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त केएफसी को पूर्व में जारी नोटिस का कोई संतोषजनक उत्तर या ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुरूप आवश्यक व्यवस्था प्रस्तुत नहीं की गई।

नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, रवि लावनिया, संदीप वर्मा, आदिव्य हजारी, स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा तथा नगर निवेश विभाग उडनदस्ता टीम के समन्वय में मौके पर कड़ी कार्रवाई की गई। उल्लंघनों के मद्देनजर केएफसी को तत्काल सील कर दिया गया था। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर आज संबंधित संचालक के विरुद्ध 50,000 रुपये का ई-चालान जारी कर, संचालक के व्यय पर प्रभावित स्थान की पूर्ण सफाई करवा कर सील खोलने की प्रक्रिया पूरी की गई।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि व्यवसायिक प्रतिष्ठान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुरूप अपने अपशिष्ट निपटान व सीवरेज कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सार्वजनिक नाली में सीधा किचन निपटान, ठोस अपशिष्ट का खुला निपटान व नियमों की अवहेलना स्वास्थ्य एवं नगर स्वच्छता के लिये गंभीर खतरा हैं। नगर निगम ने संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनरावृत्ति पाए जाने पर नियमानुसार दंड, लंबी अवधि के लिये सील अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply