अमृत टुडे, नारायणपुर , छत्तीसगढ़
28 मई 2026 । प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कोटा के दूरस्थ बैगा गांवों में जाकर पीएम जनमन योजना व पीवीटीजी डिजिटल सर्वे की जमीनी समीक्षा की; आश्रम की दयनीय स्थिति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को पीवीटीजी परिवारों तक हर सरकारी लाभ पहुंचाने तथा सड़क गुणवत्ता व सर्वे शत-प्रतिशत पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
विवरण :: प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कोटा विकासखंड के बैगा बहुल शिवतराई, नेवसा व अचानकमार जैसे दूरस्थ गांवों का औचक दौरा कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का सीधे निरीक्षण किया। उन्होंने पीएम जनमन योजना, धरती आबा अभियान, जनजातीय गौरव उत्सव, पीवीटीजी डिजिटल सर्वे व सुशासन तिहार की प्रगति पर विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र पीवीटीजी परिवार को योजनाओं से वंचित न रखा जाए।

शिवतराई में उन्होंने स्वयं “सर्वे सेतु” ऐप से तिहारू बैगा परिवार का डिजिटल सर्वे किया तथा परिवार की आजीविका, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। नेवसा में पीएम जनमन योजना अंतर्गत बनी सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीम के साथ ड्रिलिंग करवाई और सैंपल लिए गए। यह संपर्क मार्ग गांवों की आवाजाही में उल्लेखनीय सुधार लेकर आया है।
दौरे के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर उन्होंने नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की अनिवार्यता पर जोर दिया। नेवसा स्थित आदिवासी बालक आश्रम की दयनीय साफ-सफाई व आधारभूत सुविधाओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए आश्रम प्रबंधन के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पेयजल, बिजली व मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए भी ठोस निर्देश जारी किए गए।
जनपद पंचायत कोटा में हुई समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने पीवीटीजी डिजिटल सर्वे की प्रगति देखी और 30 मई तक शत-प्रतिशत सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने दूरस्थ आदिवासी इलाकों के मानविक समावेशन, कौशल विकास व स्वरोजगार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल क्रियान्वयन नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन स्तर सुनिश्चित करना है।




