अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
29 मई 2026 । धमतरी जिले में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में चले जनजागरूकता व निगरानी अभियान में आज ग्रामीणों को साइबर, ट्रैफिक व संदिग्धों की रिपोर्टिंग के संबंध में प्रशिक्षित किया गया है।

विवरण : पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशानुसार जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम कोटवारों, ग्राम पटेलों व गणमान्य नागरिकों की बैठकों का आयोजन कर व्यापक जागरूकता अभियान तेज किया है। आयोजित बैठकों में उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी बाहरी संदिग्ध, फेरीवाले या अनजान व्यक्ति के आने पर उनकी मुसाफिरी अनिवार्य रूप से दर्ज करवाई जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुंरत सूचना सम्बंधित थाना/चौकी को दी जाए।

बैठकों में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन नागरिकों की सूचनाओं से अपराधों की रोकथाम या अपराधी की पहचान संभव होगी, उन्हें उचित मंच पर सम्मानित किया जाएगा, ताकि समुदाय में सहयोग की भावना और बढ़े। सरपंचों, कोटवारों व अन्य जनप्रतिनिधियों को मंदिर परिसर व सार्वजनिक स्थलों में निगरानी बढ़ाने, किरायेदारों व तंबू डेरों की जानकारी रखने तथा रात्रि गश्त और सूचना तंत्र सुदृढ़ रखने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।

धमतरी पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति अभियान व यातायात नियमों से भी अवगत कराया। अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए अनजान लिंक व apk फाइलें न खोलने, अनजान कॉलों से सतर्क रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का विशेष आग्रह किया। साथ ही मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने के खतरों के प्रति भी जागरूक किया गया।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जनसहभागिता के जरिए अपराधों की रोकथाम और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, तथा यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा ताकि हर गांव में सतर्कता बनी रहे और शांति-व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।




