अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
06 जून 2026 । विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर में ग्रीन आर्मी और जेसीआई सुपर चैप्टर ने संयुक्त रूप से भव्य आयोजन किया। वृंदावन हॉल में हुए इस कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, वृक्षारोपण और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
विवरण: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रीन आर्मी एवं जेसीआई सुपर चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर के वृंदावन हॉल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और वृक्षारोपण को समर्पित इस आयोजन में 200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं संस्थापक सदस्य राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी संस्था या सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्य संरक्षक एवं संस्थापक सदस्य तथा पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि तालाब, जलाशय और हरित क्षेत्र किसी भी शहर की जीवनरेखा होते हैं, इसलिए इनके संरक्षण में जनभागीदारी अनिवार्य है।
ग्रीन आर्मी के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जन आंदोलन होना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से प्रकृति, जल और वृक्षों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, ब्लू विंग अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, श्रीमती रात्रि लहरी, जेसीआई सुपर चैप्टर की कोऑर्डिनेटर लीना वाढेर सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर ग्रीन आर्मी के नए सदस्यों का सम्मान किया गया और पांच जोन अध्यक्षों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और वृक्षारोपण के लिए शपथ दिलाई गई। साथ ही 50 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य को लेकर व्यापक अभियान की घोषणा की गई। 15 जून से पौधा वितरण की शुरुआत होगी और 3 जुलाई से नो व्हीकल डे अभियान चलाया जाएगा, ताकि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जोड़कर हरित और स्वच्छ भारत के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके।




