अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
24 जून 2026 । वीबी जी राम जी योजना को लेकर प्रदेशभर में जागरूकता अभियान तेज हो गया है। ग्राम सभाओं, प्रशिक्षण और मानव श्रृंखलाओं के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी जा रही है। बेमेतरा जिले के सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने जनजागरूकता का प्रेरक संदेश देते हुए उत्साह दिखाई।

विवरण : प्रदेश में 1 जुलाई से लागू होने जा रही वीबी जी राम जी योजना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक उत्साह है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला स्तर पर लगातार प्रशिक्षण, बैठकें और ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं। बेमेतरा जिले की ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने तख्तियों के माध्यम से रोजगार, आजीविका और समृद्ध गांव का संदेश फैलाया।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्रालय ने भी इस पहल की सराहना की। अधिकारियों ने ग्राम सभाओं में बताया कि योजना से पात्र परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। 30 जून तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रशिक्षण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह योजना गांवों में नए अवसर और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करेगी।



