अमृत टुडे, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़
23 जुलाई 2026 । मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली शिकायतों पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरवाही में अवैध रेत भंडारण स्थल सील कर दिया और दो ट्रैक्टर जब्त किए। निर्धारित समय में वैध दस्तावेज न मिलने पर यह कदम उठाया गया। प्रशासन ने अवैध खनन पर निरंतर सख्ती की घोषणा की।

विवरण :: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन और जवाबदेही की नीति का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग ने जांच की और संबंधित व्यक्ति को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस दिया।
निर्धारित अवधि में संतोषजनक प्रमाण न मिलने पर छत्तीसगढ़ खनिज नियमों के तहत भंडारण स्थल को सील कर दिया गया। इसी तरह मरवाही और पिपरिया क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर भी जब्त किए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। यह कार्रवाई जनविश्वास बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




