*बैठक में पंडालों, यातायात, ध्वनि नियंत्रण और विसर्जन व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए*
*15 फीट ऊंचाई, अधिकतम 03 वाहन, न्यूनतम 08 वॉलेंटियर और रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर रोक*

अमृत टुडे दुर्ग छत्तीसगढ़ : दुर्ग पुलिस ने आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए 50 से अधिक मध्यम एवं बड़े गणेश पंडाल समितियों के साथ बैठक की। इसमें सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ध्वनि नियंत्रण और विसर्जन व्यवस्था पर निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।
आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिले की गणेश उत्सव समितियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले की 50 से अधिक मध्यम एवं बड़े गणेश पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ध्वनि नियंत्रण एवं विसर्जन व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, CSP दुर्ग हर्षित मेहर, CSP भिलाई नगर निशांत पाठक और CSP छावनी प्रशांत सिंह पैकरा उपस्थित रहे। समितियों को पंडालों में CCTV, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, महिला-पुरुष सुरक्षा, निर्धारित विसर्जन मार्ग का पालन, अधिकतम 03 वाहन, 15 फीट ऊंची झांकी और न्यूनतम 08 वॉलेंटियर रखने के निर्देश दिए गए। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर रोक और नशे पर पूर्ण प्रतिबंध भी बताया गया।



