*भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, मोदी सरकार सेवा और अंत्योदय को लेकर काम कर रही है*
*कांग्रेस मुद्दाविहीन है, जबकि विपक्ष ईवीएम, एसआईआर और महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रहा है*
अमृत टुडे रायपुर छत्तीसगढ़ : भाजपा सांसद और प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की योजनाओं में नारी सम्मान और सेवा भाव प्रमुख रहा है। महादेव ऐप, नशे और पिछली सरकार के कामकाज पर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की।
भाजपा सांसद एवं मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कहा कि “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता” और “नारी तू नारायणी” का अक्षरशः पालन यदि किसी ने अपनी योजनाओं में किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं, आदिवासियों, एसआईआर और ईवीएम जैसे मुद्दों के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि जनता ऐसे विषयों से ऊब चुकी है। संतोष पांडेय ने महादेव ऐप और पिछली भूपेश बघेल सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को सट्टा, जुआ और नशे की ओर धकेलने का काम किया गया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान, अंत्योदय और दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए भाजपा को सेवा की राजनीति करने वाली पार्टी बताया।




