• Wed. Sep 2nd, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

01 सितम्बर 2026 । धमतरी जिले में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत इस वर्ष तीन हजार से अधिक छात्राओं ने आवेदन किया है। विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों के सक्रिय प्रयासों से छात्राओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष लगभग 800 छात्राओं को इस छात्रवृत्ति का लाभ मिला था।

विवरण : धमतरी जिले में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत इस वर्ष छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए तीन हजार से अधिक आवेदन प्रस्तुत किए गए हैं। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और आर्थिक कारणों से उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो, इस दिशा में जिले के विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पिछले वर्ष जिले की लगभग 800 छात्राओं को इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिला था।

जिला प्रशासन द्वारा छात्राओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराने, पात्र छात्राओं को आवेदन के लिए प्रेरित करने तथा आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय स्तर पर प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने छात्राओं और उनके अभिभावकों से संपर्क कर योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी। इसके परिणामस्वरूप इस वर्ष आवेदन की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति छात्राओं की उच्च शिक्षा को आर्थिक संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को कॉलेज एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययन जारी रखने में सहायता मिलती है। छात्रवृत्ति की राशि छात्राओं की शिक्षा से जुड़े खर्चों को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि के लिए जिले के सभी प्राचार्यों, शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के लिए इस वर्ष तीन हजार से अधिक छात्राओं के आवेदन प्रस्तुत होना जिले के विद्यालयों की प्रतिबद्धता और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने सभी प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की कि वे आगे भी छात्राओं को शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करें।

Leave a Reply