• Wed. Sep 2nd, 2026
Spread the love

केंद्रीय संचार ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणाम और पोषण की दी जानकारी

चित्र प्रदर्शनी रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता से मिला नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

01 सितम्बर 2026 । धमतरी के स्वर्गीय छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान और राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा मुख्य अतिथि थे। युवाओं ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन का संकल्प लिया।

विवरण : धमतरी में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पोषण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वर्गीय छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर विनोद कुमार पाठक ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अवस्था जीवन की दिशा और भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण पड़ाव है। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, खेल, नवाचार तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी उषा किरण चंद्राकर ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्य और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं हितग्राहियों को उपलब्ध कराए जाने वाले संतुलित एवं पौष्टिक आहार, निर्धारित मेन्यू के अनुसार पोषण आहार वितरण तथा रेडी-टू-ईट आहार के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कुपोषण के प्रमुख प्रकारों स्टंटिंग, वेस्टिंग और कम वजन के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा पोषण के पांच सूत्रों को अपनाने की अपील की।

चित्र प्रदर्शनी में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के साथ पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित संदेश प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम में नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता विषय पर रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

Leave a Reply