चारों प्रमुख जलाशयों में जलभराव अधिक, गंगरेल 97, मुरूमसिल्ली 98 प्रतिशत से अधिक भरा
कलेक्टर ने दी सतर्कता की अपील, अफवाहों पर ध्यान न दें, आधिकारिक सूचनाओं का करें पालन
अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
03 सितम्बर 2026 । धमतरी जिले में लगातार वर्षा और जलाशयों में बढ़ती जल आवक के कारण प्रशासन सतर्क। गंगरेल जलाशय से तीन गेटों के माध्यम 4670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी, ग्रामीणों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
विवरण : धमतरी जिले में लगातार हो रही वर्षा और जलाशयों में पानी की आवक को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गंगरेल जलाशय 97.40 प्रतिशत, मुरूमसिल्ली 98.61 प्रतिशत, दुधावा 86.86 प्रतिशत और सोंढूर 69.25 प्रतिशत भर चुका है। गंगरेल से तीन गेट खोलकर 4670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसमें 1410 क्यूसेक रुद्री बैराज के माध्यम से मुख्य नहर में और 3360 क्यूसेक महानदी में प्रवाहित किया जा रहा है।

महानदी के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी किनारे बसे सभी गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाने और अनावश्यक रूप से नदी पार न करने की अपील की है। निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। कलेक्टर ने अधिकारियों को जलस्तर की नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।




