• Thu. Sep 3rd, 2026
Spread the love

मोबाइल और सोशल मीडिया का करें सद्उपयोग, ज्ञान और कौशल विकास का बनाएं माध्यम

संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक सोच से ही संभव है सफल और स्वस्थ जीवन

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

02 सितम्बर 2026 । धमतरी के एससीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत और राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम का समापन हुआ। महापौर जगदीश रामू रोहरा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को संतुलित आहार, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

विवरण : नगर निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने एससीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के समापन पर युवाओं से नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और आज का जागरूक, स्वस्थ और अनुशासित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेगा। महापौर ने मोबाइल और सोशल मीडिया के सद्उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान अर्जन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, नई तकनीक सीखने और रोजगार के अवसर तलाशने के लिए किया जाना चाहिए।

राष्ट्रीय पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने संतुलित और पौष्टिक आहार, स्थानीय खाद्य पदार्थों और श्रीअन्न को दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति और पोषण विषयों पर निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ब्रह्माकुमारी केंद्र की गरिमा दीदी ने विद्यार्थियों को ध्यान, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मन को नियंत्रित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पार्षद संतोष सोनकर, हेमंत बंजारे, नंदू लोधी, कुश्ती प्रशिक्षक लक्ष्मण लाल साहू और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply