अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
04 सितम्बर 2026 । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के परिणाम पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। 265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि एक पद के अनुपात में तीन लोगों को साक्षात्कार में बुलाना चाहिए था। इस हिसाब से 795 अभ्यर्थियों को मौका मिलना चाहिए था।
विवरण : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के परिणाम पर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। 265 पदों के लिए कुल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि एक पद के अनुपात में तीन लोगों को साक्षात्कार में बुलाना चाहिए था। इस हिसाब से 265 पदों के लिए 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार का अवसर मिलना चाहिए था। लेकिन 608 चयनित होने से लगभग 200 परीक्षार्थी साक्षात्कार में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोग को उसी हिसाब से मार्किंग करनी चाहिए थी या कट-ऑफ कम करना चाहिए था।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद युवाओं के सपनों को बेचा जा रहा है। हर परीक्षा में गड़बड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि ढाई साल में ऐसी कोई परीक्षा आयोजित नहीं की गई जिसमें गड़बड़ियां ना हो रही हों। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग यूपीएससी की तर्ज पर परीक्षा आयोजित करने की बात करता है, लेकिन यूपीएससी का पैटर्न एक पद के अनुपात में तीन लोगों को साक्षात्कार में बुलाने का है। आयोग ने यह नया पैटर्न क्यों लाया, यह सवाल है। अभ्यर्थी लगातार आयोग के सचिव और अध्यक्ष के संपर्क में हैं और मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं।




