अमृत टुडे,सीतापुर/अंबिकापुर, छत्तीसगढ़
04 सितम्बर 2026 । सीतापुर में बदहाल एनएच-43 को लेकर कांग्रेस ने चक्काजाम किया। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि तीन साल में तीन किलोमीटर सड़क नहीं बनी। बड़े-बड़े गड्ढों से रोज एक्सीडेंट हो रहे हैं, लोगों के घर उजड़ रहे हैं। प्रशासन ने लिखित आश्वासन देने के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
विवरण :: सीतापुर में बदहाल एनएच-43 को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। सीतापुर-सूर के बीच करीब तीन किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और तालाबनुमा स्थिति बनी हुई है। रोज आने-जाने वाले लोग, दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक एक्सीडेंट का शिकार हो रहे हैं। पैदल चलने वालों की भी जान जोखिम में है। किसी का घर उजड़ जा रहा है, किसी का पूरा चिराग बुझ जा रहा है। अमरजीत भगत ने कहा कि आज से ढाई-तीन साल पहले जितना बना था, केवल उतना ही बन पाया। ढाई-तीन साल में यह तीन किलोमीटर सड़क नहीं बन पाया।
शासन-प्रशासन विभाग इसके प्रति उदासीन है। कई बार ज्ञापन दिया गया, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखा, तो सड़क में उतरना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासन की ओर से एसडीएम और एनएच विभाग के एसडीओ ने लिखित आश्वासन दिया कि बारिश खत्म होने के बाद तत्काल सड़क का पक्का निर्माण कराएंगे। 15 अक्टूबर के बाद नवनिर्माण का काम शुरू किया जाएगा। उससे पहले सड़क के सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे और समय-समय पर पैचिंग-पेरिंग का काम करेंगे। आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेसियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। अमरजीत भगत ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते काम नहीं हुआ, तो इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे और एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे।




