• Wed. Sep 9th, 2026

धमतरी पुलिस—साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज, 30 गांवों में 1,435 नागरिकों को दिया डिजिटल सुरक्षा का कवच; ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत…..

Spread the love

AMRIT TODAY, DHAMTARI CHATTISGARH

धमतरी पुलिस द्वारा साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज किया गया है। महिलाओं, छात्राओं एवं नागरिकों को दिया जा रहा है डिजिटल सुरक्षा का कवच। 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चल रहे प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह में स्मार्टफोन प्राइवेसी, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 07 सितंबर को 30 से अधिक गांवों एवं प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 1,435 से अधिक नागरिकों तक पहुंचाया गया साइबर सुरक्षा का संदेश। साइबर अपराधियों के बढ़ते तरीकों के बीच सतर्कता ही सुरक्षा है के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

विवरण : छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में लगातार व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 07 सितंबर 2026 को अभियान के चौथे सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में 30 से अधिक गांवों, शैक्षणिक संस्थानों, बस स्टैंडों एवं प्रशासनिक परिसरों में पुलिस टीमों द्वारा पहुंचकर लगभग 1,435 से अधिक नागरिकों, ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। अभियान के दौरान विशेष रूप से महिलाओं एवं छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउज़िंग एवं सोशल मीडिया सुरक्षा की जानकारी दी गई। मजबूत पासवर्ड, प्राइवेसी सेटिंग्स, संदिग्ध लिंक एवं फर्जी प्रोफाइल की पहचान तथा ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के तरीकों के बारे में समझाइश दी गई। पुलिस टीमों ने नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, स्क्रीन शेयर करने अथवा किसी के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

साइबर अपराधी परिचित, रिश्तेदार अथवा मित्र के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर पैसे मांग सकते हैं। ऐसी स्थिति में पहले व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन करें, उसके बाद ही कोई आर्थिक लेन-देन करें। किसी अनजान वेबसाइट या व्यक्ति को निजी जानकारी उपलब्ध न कराने की भी समझाइश दी गई। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और देरी भी न करें। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा नजदीकी थाना/साइबर सेल को सूचना दें। साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर सूचना मिलने से ठगी की राशि को रोकने और आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है। धमतरी पुलिस का संदेश है कि एक क्लिक से पहले सोचें, जानकारी साझा करने से पहले जांचें और ठगी होते ही 1930 पर शिकायत करें। धमतरी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ-साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।

Leave a Reply

You Missed