Amrit Today, Dhamtari Chhattisgarh
धमतरी में पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’ एक बार फिर सक्रिय हुआ है। पीजी कॉलेज मैदान के पास कार में बैठकर हेरोइन चिट्टा की अवैध बिक्री करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 01 ग्राम हेरोइन, हुंडई कार और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। कुल 4.52 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्यवाही निरंतर जारी है।
विवरण : पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक युवक कार में मादक पदार्थ रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से आशुतोष उर्फ आशु, पिता मनसुखलाल तिवारी, निवासी आमातालाब, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी को गिरफ्तार किया। गवाहों की उपस्थिति में तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बिक्री हेतु रखा गया 01 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन चिट्टा, एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए। जब्त मशरूके में हेरोइन चिट्टा का मूल्य लगभग 10 हजार रुपये, हुंडई कार का लगभग 4 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन का लगभग 42 हजार रुपये बताया जा रहा है। इस प्रकार कुल लगभग 4.52 लाख रुपये का मशरूका पुलिस के कब्जे में आया है। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 263/26, धारा 21(क) एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग मिल सके।



