• Sun. Oct 18th, 2026
Spread the love

Amrit Today, Raipur Chhattisgarh

शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व में बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गौरटेक में प्रदेश स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता भव्य रूप से संपन्न हुई। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला और नृत्य आदिशक्ति की उपासना का सशक्त माध्यम हैं।

विवरण : छत्तीसगढ़ में आद्यशक्ति मां भगवती की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्रि अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी शक्ति उपासना के अनुक्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गौरटेक में स्थानीय युवा समिति के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथियों ने सनातन परंपरा के अनुसार मां जगदंबा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा माल्यार्पण कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार और मां अंबे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शारदीय नवरात्रि केवल उपवास और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि अंतःकरण में सुप्त आत्मशक्ति को जागृत करने का महाअनुष्ठान है। उन्होंने कहा कि सनातन दर्शन में कला, संगीत और नृत्य को परमात्मा तक पहुंचने का सर्वोच्च साधन माना गया है। भगवान नटराज का तांडव सृष्टि का आधार है और मां जगदंबा का लास्य प्रकृति का शृंगार है। जब युवा अपनी कला को ईश्वरीय भाव से प्रस्तुत करता है, तो मंच स्वयं पवित्र यज्ञवेदी बन जाता है।
उन्होंने युवा कलाकारों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी रचनात्मक ऊर्जा का उपयोग समाज निर्माण, माता-पिता के सम्मान और राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने में करें। आयोजन में जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और विशाल संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You Missed