अमृत टुडे, बसना छत्तीसगढ़
शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने निज निवास में नौ कन्याओं का विधिवत कन्या पूजन किया। इसके बाद ग्राम भगतदेवरी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।

विवरण : सनातन परंपरा में शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी तिथि को आदिशक्ति भगवती दुर्गा की कृपा प्राप्ति का पावन काल माना जाता है। इसी आस्था के अनुरूप बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने परिवारजनों के साथ निज निवास में विधिवत कन्या पूजन एवं भोजन का आयोजन किया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सर्वप्रथम माता रानी की पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानी जाने वाली नौ कन्याओं का गृह प्रांगण में आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने स्वयं जल से कन्याओं के चरण पखारे, कुमकुम-अक्षत का तिलक लगाया, चरणों में आलता सजाया और श्रद्धापूर्वक लाल चुनरी ओढ़ाई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कन्याओं को भोजन कराया गया तथा दक्षिणा एवं उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।

इसके बाद विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ग्राम भगतदेवरी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पंचमुखी हनुमान का विशेष अभिषेक और पूजन किया। मंदिर परिसर में नौ कन्याओं को आदरपूर्वक भोजन कराया गया और उनके चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्या साक्षात जगज्जननी जगदंबा, महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती का प्रत्यक्ष स्वरूप है।

उन्होंने कहा कि समाज तभी सशक्त और समृद्ध बनेगा, जब हर बेटी, बहन और माता के सम्मान व सुरक्षा को सर्वोच्च धर्म माना जाएगा। उन्होंने मां भवानी और पंचमुखी हनुमान से बसना विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के निरोगी, खुशहाल और संपन्न जीवन के साथ क्षेत्र के निरंतर विकास की प्रार्थना की। इस पावन अवसर पर परिवारजन, गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




