• Mon. Oct 19th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर/आरंग छत्तीसगढ़

गुरु बालदास साहेब के अवतरण दिवस पर रायपुर स्थित एम-3 शासकीय निवास में सतनामी स्वाभिमान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपनी पूरी विधायक वेतनराशि आरंग क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित करने की घोषणा की। दो प्रतिभावान छात्राओं को लैपटॉप भेंट कर शिक्षा को नया बल दिया।

विवरण : सतनामी समाज के राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर रायपुर स्थित एम-3 शासकीय निवास में सतनामी स्वाभिमान दिवस श्रद्धा, सामाजिक एकता एवं जनसेवा के संदेश के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सतनामी समाज, सर्वसमाज, गुरु परिवार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अखिल भारतीय सतनाम सेना के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने अपनी पूरी विधायक वेतनराशि आरंग विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों, गरीब कन्याओं एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों की सहायता हेतु समर्पित करने की घोषणा की। मंदिर हसौद क्षेत्र की प्रतिभावान छात्राओं मानसी टंडन एवं धनेश्वरी यादव को लैपटॉप भेंट कर उनकी शैक्षणिक प्रगति को प्रोत्साहित किया।

मंत्री ने दोनों छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एवं कोचिंग का संपूर्ण खर्च वही वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी शिक्षा के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए।
कार्यक्रम में गुरु माता प्रवीण माता, गुरु सोमेश बाबा एवं गुरु सौरभ साहेब सहित गुरु परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। यह आयोजन गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, समाज के प्रति जिम्मेदारी तथा शिक्षा एवं कौशल विकास से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने का प्रतीक बना

Leave a Reply