• Tue. Oct 20th, 2026
Spread the love

Amrit Today, Raipur Chhattisgarh

रायपुर में ग्रीन आर्मी ने लगातार नौवें वर्ष पॉलीथिन रूपी रावण दहन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ब्राह्मणपारा से प्रारंभ हुई जागरूकता रैली आजाद चौक पहुँची, जहाँ पॉलीथिन से निर्मित रावण का दहन हुआ। संस्था ने नागरिकों से पॉलीथिन छोड़कर कपड़े एवं कागज के थैले अपनाने की अपील की।

विवरण : पर्यावरण संरक्षण एवं पॉलीथिन मुक्त समाज के उद्देश्य से ग्रीन आर्मी ने लगातार नौवें वर्ष पॉलीथिन रूपी रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया। दशहरा के पावन अवसर पर ब्राह्मणपारा चौक स्थित दुर्गा पंडाल में माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात जागरूकता रैली ब्राह्मणपारा चौक से बैस गली स्थित हनुमान मंदिर होते हुए कंकाली तालाब पहुँची।

कंकाली माता मंदिर में दर्शन के उपरांत वर्ष में केवल दशहरा के अवसर पर खुलने वाले देवी शस्त्रागार में देवी के पवित्र शस्त्रों के दर्शन किए गए। इसके बाद रैली सुहागा मंदिर होते हुए आजाद चौक पहुँची, जहाँ पॉलीथिन से निर्मित रावण का दहन किया गया। रैली में पॉलीथिन बंद करने की अपील लिखे तख्तियाँ एवं पॉलीथिन से बना रावण लोगों का विशेष आकर्षण रहे।

कार्यक्रम में ब्राह्मणपारा वार्ड के पार्षद अजय साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पॉलीथिन के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराना तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाना है। रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने पॉलीथिन को पर्यावरण एवं पशुओं के लिए गंभीर खतरा बताया। प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। ग्रीन आर्मी ने सभी से पॉलीथिन का उपयोग छोड़ने तथा स्वच्छ पर्यावरण निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply