Amrit Today, Dhamtari Chhattisgarh
धमतरी में साइबर थाना और बिरेझर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में हीरा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी किए गए 146 बहुमूल्य हीरों के साथ आरोपी को एनएच-30 पर गिरफ्तार किया गया है। जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य दस लाख पंद्रह हजार दो सौ रुपए बताया जा रहा है।

विवरण : धमतरी पुलिस ने अवैध खनिज कारोबार और हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चौकी बिरेझर, थाना कुरूद और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी विनोद अग्रवाल को हिरासत में लिया। आरोपी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के के.के. वार्ड का निवासी बताया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में मौके पर मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध को पकड़ा और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए। इनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2018 में उसने गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से ये हीरे चोरी किए थे और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन और 2 हजार 200 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
जब्त हीरों का अनुमानित मूल्य दस लाख पांच हजार रुपए बताया जा रहा है, जबकि मोबाइल फोन सहित कुल जब्ती का मूल्य दस लाख पंद्रह हजार दो सौ रुपए आंका गया है। आरोपी के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को कुरूद न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अवैध खनिज उत्खनन, चोरी या तस्करी की सूचना तुरंत देने की अपील की है।



