अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी में दीपावली, गौरा-गौरी विसर्जन और गोवर्धन पूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। मातर पर्व को लेकर भी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है।
विवरण : धमतरी जिले में दीपावली, गौरा-गौरी विसर्जन और गोवर्धन पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की।शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, विसर्जन मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई।

अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया, जिनके माध्यम से असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों और चाकूबाजों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके चलते विसर्जन कार्यक्रम बिना किसी विवाद या अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।गोवर्धन पूजा के अवसर पर भी जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और मैदानी अमले ने लगातार निगरानी की। वर्तमान में जिले के विभिन्न गांवों में आयोजित हो रहे पारंपरिक मातर पर्व को लेकर भी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। आयोजन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी जारी है।पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों और सामाजिक आयोजनों को भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने को दें। धमतरी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए लगातार मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही है।



