अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी में मछली पालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के तहत बीमा प्रीमियम पर 40 प्रतिशत तक प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि FIDF योजना से आधुनिक मत्स्य अधोसंरचना के लिए 80 प्रतिशत तक ऋण उपलब्ध होगा। लाभार्थियों को NFDP पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है।
विवरण: धमतरी में मछली पालन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और मत्स्य पालकों को जोखिम से सुरक्षा देने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के अंतर्गत एक्वाकल्चर बीमा योजना संचालित की जा रही है। इसमें मछली पालन की कुल लागत का लगभग 3 प्रतिशत बीमा प्रीमियम निर्धारित है, जिस पर 40 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एक हेक्टेयर तालाब में 1.50 लाख रुपये की लागत पर बीमा प्रीमियम 4,500 रुपये होगा, जिसमें से 1,800 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन के रूप में मिलेंगे। तालाब आधारित मत्स्य पालन के लिए प्रति हेक्टेयर अधिकतम 25 हजार रुपये और चार हेक्टेयर तक के लिए एक लाख रुपये तक सहायता का प्रावधान है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला मत्स्य पालकों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा।
बीमा में बाढ़, सूखा, चक्रवात, प्रदूषण और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान शामिल हैं। इसके साथ ही मात्स्यिकी एवं जलीय अधोसंरचना विकास निधि के तहत हैचरी, फिश फीड मिल, कोल्ड स्टोरेज, आइस प्लांट, आधुनिक मछली बाजार, परिवहन, प्रसंस्करण इकाई और केज कल्चर जैसी परियोजनाओं के लिए कुल लागत का 80 प्रतिशत तक ऋण मिलेगा। ऋण पर अधिकतम 3 प्रतिशत ब्याज सहायता और 12 वर्ष तक चुकाने की सुविधा उपलब्ध है।
मछुआ सहकारी समितियां, मत्स्य किसान समूह, स्व सहायता समूह, निजी उद्यमी और पात्र मत्स्य किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। लाभ पाने के लिए नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफार्म पर नजदीकी लोक सेवा केंद्र में पंजीयन कराना अनिवार्य है।



