अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
रायगढ़ में शौर्य दिवस समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने वीर जवानों के त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा को नमन किया। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को जीवन में उतारने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

विवरण: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों का सम्मान किया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए सैनिकों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि एक सैनिक का बलिदान केवल व्यक्तिगत नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार राष्ट्र के लिए त्याग करता है। शहीद परिवारों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

राज्यपाल ने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हर नागरिक का दायित्व है। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के साहस और संकल्प की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जवानों ने प्रदेश की शांति और सुरक्षा के लिए अदम्य साहस दिखाया है।
उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपनाने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन और राष्ट्र के विकास में योगदान भी है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार और सृष्टि राठिया, तथा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल और अर्नव गुप्ता सम्मानित किए गए। ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमाण्डेड अजय सिंह बिसेन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। शौर्य दिवस पर छत्तीसगढ़ के 40 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।



