• Mon. Nov 16th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

राजधानी रायपुर के लोकभवन में दीपावली मिलन समारोह आयोजित हुआ। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्सव के रंग बिखेर दिए।

विवरण: लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल ने इस अवसर पर सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी राज्यपाल को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।
समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। आदर्श ग्राम तुलसी के कान्हा ग्रुप द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य राउत नाचा की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। महिलाओं द्वारा सुवा नृत्य और पंडवानी गायन की प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष रंग दिया।

छत्तीसगढ़ गर्ल्स बैंड चिन्हारी की संगीत प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया। कुमारी भूमिसुता मिश्रा द्वारा शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने भी उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक पृथ्वी तांडी और गौतम विस्वास ने असम के प्रसिद्ध गायक डॉ भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे अतिथि भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा तथा पर्यटन विभाग के सचिव डॉ एस भारतीदासन ने भी गायन की प्रस्तुति दी। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, रिकेश सेन और संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply