अमृत टुडे, धरमजयगढ़, रायगढ़/रायपुर छत्तीसगढ़
धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण उनका चार्टर विमान रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पर नहीं उतर पाया। इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
विवरण: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे। लेकिन रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पर घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण उनके चार्टर विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी।
विमान को उतरने की अनुमति न मिलने के बाद उसे वापस लौटाया गया। इससे नितिन नवीन का रायगढ़ और धरमजयगढ़ दौरा रद्द हो गया। बाद में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह से जुड़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस घटनाक्रम पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन जनजातीय गौरव दिवस मनाने आने वाले थे, लेकिन अचानक उनका विमान खराब हो गया, इसलिए वे नहीं आए। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी दिवस के बजाय जनजातीय गौरव दिवस मनाए जाने से आदिवासी समाज में आक्रोश है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि इस नाराजगी का असर कार्यक्रम में निकलकर सामने आएगा, जो पूरे देश में एक वातावरण बनाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण अचानक नितिन नवीन का हवाई जहाज खराब हो गया। यह उनका राजनीतिक आरोप है, जबकि पुष्ट सूचनाओं के अनुसार विमान को घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण जिंदल एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई थी।



