अमृत टुडे, रायपुर / धरसींवा, छत्तीसगढ़
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के 144 गांवों में विधायक अनुज शर्मा 25 दिनों तक सेवा संवाद यात्रा निकालेंगे। प्रतिदिन 5 से 6 ग्राम पंचायतों में जनचौपाल लगाकर किसानों, युवाओं और मातृशक्ति से सीधा संवाद करेंगे। यात्रा का शुभारंभ कल चरौदा के मुक्तेश्वर धाम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हरी झंडी दिखाकर करेंगे। उद्देश्य है जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना।amrittoday.in
विवरण: धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा और सुशासन को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’ का शुभारंभ कल, 22 नवंबर को होगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चरौदा स्थित प्राचीन श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे।
25 दिनों तक चलने वाले इस सघन जनसंपर्क अभियान में विधायक अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र के सभी 144 गांवों का दौरा करेंगे। प्रतिदिन औसतन 5 से 6 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर वे ग्रामीणों, किसानों, युवाओं और मातृशक्ति से सीधा संवाद करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘जनचौपाल’ आयोजित होगी, जहां बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों, योजनाओं और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़ी शिकायतें सुनी जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को मौके पर निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित निदान की पहल की जाएगी।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का प्रथम कर्तव्य जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना है। यात्रा का मुख्य लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना है। साथ ही विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे। धरसींवा के गांव-गांव में यात्रा के स्वागत और जनचौपाल की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।



