• Sun. Nov 22nd, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी, छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना बोराई में ग्राम जामपानी के ग्रामीणों के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, नशामुक्ति और स्वच्छता पर विस्तृत चर्चा हुई। महिला कमांडो को सामाजिक सुरक्षा और जनजागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

विवरण: पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, समन्वय एवं सहभागिता मजबूत करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग के तहत निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में 20 नवंबर को थाना बोराई परिसर में ग्राम जामपानी के ग्रामीणों की जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला कमांडो, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस ने अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की समझाइश दी। साइबर ठगी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

यातायात नियमों पर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सलाह दी गई। महिला सुरक्षा पर चर्चा करते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा उत्पीड़न या घरेलू हिंसा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। महिला कमांडो को महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम एवं स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। धमतरी पुलिस का उद्देश्य जनसहभागिता से सुरक्षित, जागरूक, नशामुक्त एवं स्वच्छ समाज का निर्माण करना है

Leave a Reply