अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी जिले के बिरेझर क्षेत्र में जुआ खेलने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई सामने आई है। ग्राम मूरा में सार्वजनिक स्थान पर काट पत्ती जुआ खेलते दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 1,030 रुपये नगदी और 52 पत्ती ताश जप्त किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

विवरण: धमतरी जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में चौकी बिरेझर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मूरा स्थित रंगमंच के पास कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जुआ खेल रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 1,030 रुपये नगदी तथा 52 पत्ती ताश जप्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंशीलाल साहू, उम्र 38 वर्ष, और टिकेश साहू, उम्र 33 वर्ष, के रूप में हुई है। दोनों ग्राम मूरा, चौकी बिरेझर के निवासी हैं।
मामले में चौकी बिरेझर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



