अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी में अवैध धान भण्डारण, परिवहन और पुनर्चक्रण के खिलाफ प्रशासन सख्त है। अब तक 32 प्रकरण दर्ज कर 1,441.05 क्विंटल धान जप्त किया गया है। ओडिशा सीमा पर छह चेकपोस्ट सक्रिय हैं, जहां उड़नदस्ता दल निरंतर जांच और निगरानी कर रहे हैं।
विवरण : समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन अवैध धान भण्डारण, परिवहन और पुनर्चक्रण पर कड़ी निगरानी कर रहा है। जिला एवं विकासखंड स्तर पर राजस्व, मंडी, खाद्य, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की उड़नदस्ता टीमें गठित की गई हैं। ये दल लगातार निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। अनियमितता मिलने पर मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए ओडिशा सीमा से लगे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन पर नगर सैनिक, वन विभाग, मंडी और राजस्व विभाग के कर्मियों की तैनाती है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है तथा धान परिवहन से जुड़े दस्तावेज और अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन की कार्रवाई में अब तक अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन के 32 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मंडी अधिनियम 1972 के तहत 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया है। उड़नदस्ता दल सीमावर्ती चेकपोस्ट के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों और संदिग्ध स्थानों की भी निरंतर जांच कर रहे हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुंचे। दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने, अवैध भण्डारण और खरीदे गए धान के पुनर्चक्रण जैसी गतिविधियों से खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए विभागों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया से ही धान का विक्रय करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।



