अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
धरसीवाँ की सेवा संवाद यात्रा के दूसरे दिन विधायक अनुज शर्मा ने बेंन्द्री, कारा, बाना, गोमची, तेंदुआ और गुमा में जनचौपाल कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कारा में 15 लाख रुपये के शेड और गोमची में 10 लाख रुपये के सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई। तेंदुआ में राशन वितरण की अनियमितता पर मौके पर ही जांच व सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विवरण : धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र में चल रही सेवा संवाद यात्रा के दूसरे दिन विधायक अनुज शर्मा ने बेंन्द्री, कारा, बाना, गोमची, तेंदुआ और गुमा ग्रामों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों से सीधा संवाद कर पेयजल, सड़क, बिजली, राशन व अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सुनीं।
जनचौपाल में कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की मांग पर कारा में 15 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण और गोमची में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।

विधायक ने बेंन्द्री स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, धान उपार्जन केंद्र, शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। तेंदुआ में राशन वितरण की अनियमितता की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से लिया गया। विधायक ने ग्राम बाना में प्रबुद्धजनों के साथ सहभोज किया और ग्राम गुमा में शक्तिकेंद्र प्रभारियों व बूथ अध्यक्षों की बैठक की। भजन-कीर्तन में शामिल होकर उन्होंने ग्रामीण संस्कृति से जुड़ाव दिखाया तथा ग्राम गुमा में स्थानीय निवास पर रात्रि विश्राम किया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि सेवा संवाद यात्रा का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की समस्या का त्वरित निराकरण हो सके।



