• Mon. Nov 23rd, 2026

पीटीएस माना में 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, डीजी बोले सशक्त मन ही वर्दी की असली ताकत…..

Spread the love

मेघा तिवारी (अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़ )

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना में लगभग 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं के लिए मेटा क्लिनिक की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। डीजी प्रशिक्षण जीपी सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त मन ही वर्दी की असली ताकत है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से शारीरिक और मानसिक फिटनेस को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श दिए गए।

विवरण : पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना में लगभग 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं के लिए मेटा क्लिनिक की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण एवं निदेशक राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी जीपी सिंह ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, मेटा क्लिनिक के निदेशक विवेक लाठ, सीईओ जिया जिंदल, प्रशिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और महिला प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

संबोधन में जीपी सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण में शरीर, मन और अनुशासन की निरंतर परीक्षा होती है। ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, आउटडोर कक्षाएं और लंबे अध्ययन सत्रों के साथ फील्ड ड्यूटी में भी चुनौतियां बनी रहती हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने को कहा ।

उन्होंने महिला प्रशिक्षुओं को एनीमिया, कुपोषण, कमजोर हड्डियों, मासिक धर्म एवं प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और तनाव को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि थकान, सिरदर्द या दर्द शरीर के संकेत हैं; इन्हें छिपाने के बजाय चिकित्सकों से खुलकर बात करनी चाहिए। मानसिक तनाव में प्रशिक्षकों, साथियों या परामर्शदाता से बात करना और समय रहते मदद मांगना साहस की निशानी है।

शिविर में मेटा क्लिनिक की विशेषज्ञ टीम ने महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। जीपी सिंह ने विद्यालय प्रशासन को जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक प्रशिक्षुओं का आगे का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply