• Thu. Nov 26th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी के टिकरापारा में घर में घुसकर तलवार और डंडों से जानलेवा धमकी देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त तलवार एवं डंडे भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने शांति-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का संकल्प दोहराया है।

विवरण : धमतरी पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में प्रार्थिया के घर में घुसकर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा धमकी देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त एक तलवार एवं लकड़ी के डंडे भी आरोपियों के कब्जे से जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 10:30 बजे प्रार्थिया अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। तभी 10 से 12 व्यक्ति तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर दरवाजा धक्का देते हुए घर में घुस आए। आरोपियों ने प्रार्थिया के भाई निखिल के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा प्रार्थिया का गला पकड़ लिया।

प्रार्थिया किसी तरह अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए। उन्होंने घर में घुसकर प्रार्थिया की मां को धक्का दिया और हथियार लहराकर भय का माहौल बनाया। बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3), 331(6) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान 25 नवंबर को राहुल मसीह, भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव, शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह और शुभम नेताम को गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी राहुल मसीह के कब्जे से तलवार तथा अन्य आरोपियों के कब्जे से लकड़ी के डंडे जब्त किए गए। सभी आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, धमतरी में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से गुंडागर्दी, अवैध हथियार, मारपीट या धमकी संबंधी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply