Amrit Today, Dhamtari Chhattisgarh
धमतरी और कुरूद कृषि उपज मंडियों में धान की आवक तेजी से बढ़ी है। बेहतर दाम, पारदर्शी नीलामी, समय पर भुगतान और समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों का मंडी की ओर रुझान बढ़ा है।
विवरण : धमतरी जिले की कृषि उपज मंडी समिति धमतरी और कुरूद में इस वर्ष धान की आवक तथा विक्रय मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। समर्थन मूल्य में वृद्धि, पारदर्शी नीलामी व्यवस्था, सही तौल, समय पर भुगतान और बाजार में बढ़ती मांग के कारण किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान के समर्थन मूल्य में पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये और कॉमन किस्म का 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
मंडी में ग्रेड-ए धान का मूल्य 1,720 से 4,245 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है, जबकि गत वर्ष यह 1,600 से 2,500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच था। महामाया किस्म को लगभग 3,000 से 3,200 रुपये और श्रीराम, ओम-3 तथा आरबी गोल्ड जैसी पतली किस्मों को 3,000 से 4,500 रुपये प्रति क्विंटल तक कीमत मिल रही है।
कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा में अलनीनो के प्रभाव से उत्पादन प्रभावित होने के कारण धान की मांग बढ़ी है। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। मंडी प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे उपज की गुणवत्ता और प्रचलित दरों की जानकारी लेकर नजदीकी मंडी में धान का विक्रय करें।



