*कवर्धा को मिला ज्ञान, तकनीक और अध्ययन का नया केंद्र*
अमृत टुडे ,रायपुर/ छत्तीसगढ़ :: कवर्धा में शिक्षा और ज्ञान-संस्कृति को नई दिशा देने के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 4.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक 250 सीटर नालंदा लाइब्रेरी का भूमिपूजन किया, जिसमें डिजिटल सुविधाओं, ऑडियो-विजुअल कॉन्टेंट और एआई टूल्स के विशेष कॉर्नर की व्यवस्था की जाएगी।

विवरण :: कवर्धा जिले में शिक्षा और ज्ञान-संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने 4.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक 250 सीटर नालंदा लाइब्रेरी का भूमिपूजन किया। यह लाइब्रेरी पूरी तरह डिजिटल सुविधाओं से युक्त होगी और इसे रायपुर की नालंदा परिसर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, ताकि जिले के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों को उच्च स्तरीय अध्ययन वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और नगर पालिका के पदाधिकारी उपस्थित थे। अवसर पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ज्ञान केवल नौकरी पाने का साधन नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम है। उन्होंने भारत की गौरवशाली शिक्षा परंपरा—नालंदा, तक्षशिला, वेद, गणित, खगोल विज्ञान और आर्यभट्ट की खोजों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सदियों से ज्ञान का वैश्विक केंद्र रहा है।

नई नालंदा लाइब्रेरी में डिजिटल लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित श्रेष्ठ पुस्तकें, जर्नल्स, अखबार, समसामयिक साहित्य और बच्चों के लिए विशेष
ज्ञान-कोना उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी विशेषता ऑडियो-विजुअल कंटेंट तथा एआई कॉर्नर होगा, जहां युवा चैटजीपीटी, ग्रोक, परप्लेक्सिटी जैसे आधुनिक एआई टूल्स का निःशुल्क उपयोग कर सकेंगे। इससे प्रदेश के युवाओं को डिजिटल युग के अनुरूप वैश्विक स्तर की जानकारी प्राप्त होगी।
इसी दौरान उपमुख्यमंत्री शर्मा ने जिले में नए मिनी स्टेडियम, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शी प्रक्रिया,
भोरमदेव विद्यापीठ में प्रतिवर्ष 200 छात्रों हेतु निःशुल्क व्यवस्था, और पुलिस विभाग में 6 हजार कांस्टेबल भर्ती के आगामी परिणामों की जानकारी भी दी। कवर्धा को मिली बड़ी सौगात—मेडिकल कॉलेज निर्माण—के लिए 42 एकड़ भूमि आरक्षित कर दी गई है और लगभग 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
कवर्धा शहर के विकास कार्यों में फोरलेन मार्ग,हनुमंत वाटिका, भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र का उन्नयन और बस स्टैंडों के सुधार कार्य भी शामिल हैं। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने इसे जिले के युवाओं के लिए आधुनिक, शांत और तकनीक-संपन्न अध्ययन केंद्र बताया।
17,000 वर्गफीट में बनने वाला यह ज्ञान-केंद्र कवर्धा के शिक्षा क्षेत्र को नई ऊँचाई पर ले जाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
