• Mon. Nov 16th, 2026
Spread the love

“सतनामी समाज नाराज, कांग्रेस की उपेक्षा पर जांगीड़ का पुतला फूंका”

अमृत टुडे/लोरमी, मुंगेली। छत्तीसगढ़ में सतनामी समाज का कांग्रेस पर गहरा आक्रोश। लोरमी ब्लॉक अध्यक्ष पद पर किसी अन्य समाज के व्यक्ति की नियुक्ति से आहत समाज ने सोमवार को उग्र प्रदर्शन किया। 70-80 हजार मतदाताओं वाली इस मजबूत ताकत को लगातार नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस सह-प्रभारी विजय जांगीड़ का पुतला दहन किया गया। समाज नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन तेज होगा।


विवरण: कांग्रेस पार्टी द्वारा लोरमी ब्लॉक अध्यक्ष पद पर लला सिंह ठाकुर की नियुक्ति से सतनामी समाज में भारी असंतोष फैल गया है। सोमवार को समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए पार्टी के सह-प्रभारी विजय जांगीड़ का पुतला दहन किया। आरोप है कि क्षेत्र में 70-80 हजार सतनामी मतदाता होने के बावजूद संगठनात्मक पदों में समाज की पूरी उपेक्षा की जा रही है।समाज नेताओं का कहना है कि चुनावों में कांग्रेस को उनका भरपूर समर्थन मिलता रहा, लेकिन पद बंटवारे में आत्मसम्मान पर चोट पहुंचाई जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यह केवल एक पद का मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और राजनीतिक भागीदारी का सवाल है। यदि शीघ्र सकारात्मक कदम न उठाए गए, तो आंदोलन और तेज होगा, जिसकी जिम्मेदारी कांग्रेस की होगी। सूत्र बताते हैं कि यह नियुक्ति जांगीड़ के करीबी को देकर समाज को दरकिनार किया गया। जिला प्रशासन ने प्रदर्शन पर नजर रखी है।



Leave a Reply